झारखंड में भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगे मुस्लिम महिला से अवैध संबंध के आरोप, पति ने थाने में दिया आवेदन
साहिबगंज के भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव पर एक मुस्लिम महिला से अवैध संबंध के आरोप लगे हैं। महिला के पति मोहसिन मियां ने यह आरोप लगाते हुए जान से मारने ...और पढ़ें

भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगे मुस्लिम महिला से अवैध संबंध के आरोप
साहिबगंज। भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव पर एक मुस्लिम महिला से अवैध संबंध के आरोप लगे हैं। आरोप उक्त महिला के पति जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के साक्षरता मोड़ निवासी मोहसिन मियां ने लगाया है।
मोहसिन मियां का कहना है कि विरोध करने पर गौतम यादव ने उसे जान मारने की धमकी भी दी। उसने बताया कि भाजपा नेता गौतम यादव का वर्षों से उसके घर आना जाना है। इसी क्रम में गौतम यादव ने उसकी पत्नी के करीब आ गया।
'होली के दिन सब अपनी आंखों से देखा...'
उसने बताया कि चार मार्च को होली के दिन उसने अपनी आंखों से यह देख लिया। उसका फोटो खींच लिया और वीडियो भी बना लिया तभी गौतम यादव और उसकी पत्नी ने मिलकर मोबाइल तोड़ दिया और कहने लगा कि अगर किसी को पता चला तो उसे गोली मार देगा।
उसकी पत्नी और गौतम यादव ने उसे घर से निकाल दिया। इस वजह से वह कई दिनों से इधर-उधर रह रहा है। उसने आगे कहा कि नौ मार्च को वह अपने घर गया तो उसकी पत्नी ने गौतम यादव को बुला लिया।
कट्टा निकालकर सिर पर ताना, जान से मारने की धमकी दी
गौतम यादव ने अपने कमर से कट्टा निकाल कर उसके सिर पर तान दिया और बोला दोबारा आया तो गोली मार देंगे। इसके बाद वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया।
उधर, गौतम यादव ने कहा कि मोहसिन मियां के घर के बगल में उनकी जमीन है। दोनों में पुरानी जान पहचान है। मोहसिन मियां ने घर बनाने व निजी कार्य के लिए 12 लाख रुपया कर्ज लिया था। उसे वापस मांगने पर इस तरह का आरोप लगाया जा रहा है। इसमें विरोधी दल द्वारा राजनीतिक षडयंत्र रचकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
इधर, थाना प्रभारी शशि सिंह ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की छानबीन की जा रही है।