'अगर आपको प्रमोशन चाहिए तो...', कंपनी के कर्मचारियों से क्या बोलीं Accenture की CEO जूली स्वीट?
एक्सेंचर की सीईओ जूली स्वीट ने कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रमोशन के लिए AI टूल्स का उपयोग करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि AI कौशल अब कं ...और पढ़ें

एक्सेंचर सीईओ जूली स्वीट। (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक्सेंचर की सीईओ जूली स्वीट ने कंपनी के कर्मचारियों को एक साफ संदेश दिया है। उन्होंने सलाह दी है कि जो कर्मचारी कंपनी में प्रमोशन चाहते हैं, उन्हें कंपनी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल करने में अपनी काबिलियत दिखानी होगी।
यह सलाह इसलिए दी गई है क्योंकि एआई स्किल्स अब कंपनी के काम करने के तरीके का एक अहम हिस्सा बन गई हैं। एक पॉडकास्ट में बात करते हुए स्वीट ने कहा कि जो कर्मचारी कंपनी में आगे बढ़ना चाहते हैं, उनके लिए एआई टूल्स का इस्तेमाल करना अब एक जरूरत बन गया है।
'आपको वो काम करने होंगे जो हम...'
स्वीट ने कहा, “अगर आप प्रमोशन पाना चाहते हैं तो आपको वे काम करने होंगे जो हम एक्सेंचर को चलाने के लिए करते हैं। ये किसी कंपनी को चलाने के नए टूल्स हैं। हम एक महीने में ही जीरो से ‘आपको प्रमोशन नहीं मिलेगा’ वाली स्थिति तक नहीं पहुंच गए। यह तीन साल की प्रक्रिया थी, टेक्नोलॉजी की आदत डालना, यह पक्का करना कि वह यूजर-फ्रेंडली हो, यह सुनिश्चित करना कि लोगों के इस्तेमाल के लिए हमारे पास सही वर्कबेंच हो और फिर यह कहना हे, यह एक्सेंचर है और हम इसी तरह काम करते हैं।’
बिजनेस ऑप्टिमाइजेशन प्रोग्राम में किया 865 मिलियन डॉलर का निवेश
स्वीट की ये टिप्पणी ऐसे समय में आई हैं जब एक्सेंचर अपने ऑपरेशन्स और कर्मचारियों के वर्कफ्लो में एआई का इस्तेमाल बढ़ा रहा है। सितंबर 2025 में कंपनी ने बताया कि उसने छह महीने के बिनेस ऑप्टिमाइजेशन प्रोग्राम में 865 मिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है।
इस प्रोग्राम में हजारों कर्मचारियों को नई स्किल्स सिखाना और उन कर्मचारियों को हटाना शामिल है, जिन्होंने काम की जगह पर बदलती टेक्नोलॉजी के हिसाब से खुद को ढालने से मना कर दिया था।
एक्सेंचर के पास अभी 7,70,000 से ज्यादा कर्मचारी हैं। स्वीट ने कहा कि वर्कप्लेस में एआई का इस्तेमाल ठीक वैसे ही बदलाव जैसा है, जैसा पहले तब हुआ था जब ऑफिसों में कंप्यूटर का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल शुरू हुआ था।