हरभजन सिंह का मानना है कि मुंबई इंडियंस को आगामी आईपीएल में सफल होने के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या को अपनी असली क्षमता दिखानी होगी। उन्हें बल्लेबाजी औ ...और पढ़ें
-1773671914340_v.webp)
मुंबई इंडियंस की नजरें छठा खिताब जीतने पर
पीटीआई, नई दिल्ली: भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि अगर पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को आगामी आईपीएल में मजबूत चुनौती पेश करनी है तो कप्तान हार्दिक पांड्या को अपनी असली क्षमता दिखानी होगी और आगे बढ़कर टीम की अगुआई करनी होगी।
पांड्या की अगुवाई में मुंबई इंडियंस का लक्ष्य अपने पांच साल के ट्रॉफी के सूखे को खत्म करना और लीग के इतिहास की सबसे सफल टीम बनना होगा। हरभजन ने 'जियो हाटस्टार' पर कहा, मुझे लगता है कि हार्दिक पांड्या को अपना असली हार्दिक पांड्या वाला रूप दिखाना होगा। उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा। जब वह अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना शुरू करेंगे, ना केवल एक बल्लेबाज के तौर पर बल्कि एक गेंदबाज के तौर पर भी तो इससे बहुत बड़ा फर्क पड़ेगा।
करना होगा टी20 वर्ल्ड कप वाला काम
हरभजन ने कहा कि पांड्या ने टी20 वर्ल्ड कप में जो काम किया वहीं काम आईपीएल में करना होगा। हमने उन्हें टी20 विश्व कप में गेंदबाजी करते देखा था। गेंद के साथ वह शानदार थे। आईपीएल में भी उन्हें यही करना होगा। जब कोई कप्तान आगे बढ़कर नेतृत्व करता है और रास्ता दिखाता है तो हर कोई उसका अनुसरण करता है। यह सब विश्वास पर निर्भर करेगा।
इस सोच से बदल सकती हैं किस्मत
इस पूर्व स्पिनर ने कहा, अगर हार्दिक और उनकी टीम पहले दिन से ही यह विश्वास कर लें कि वे यहां सिर्फ मुकाबला करने के लिए नहीं बल्कि छठी बार ट्रॉफी जीतने के लिए आए हैं तो मुंबई इंडियंस के लिए चीजें बहुत तेजी से बदल सकती हैं। हरभजन को यह भी लगता है कि टीम प्रबंधन शायद क्विंटन डिकॉक और रियान रिकल्टन दोनों को एक साथ एकादश में नहीं उतारेगा। उन्होंने कहा कि इन दोनों में से कोई एक ही शुरुआती क्रम में शामिल होगा। हरभजन ने कहा कि रोहित शर्मा शीर्ष क्रम में जिम्मेदारी संभालेंगे जबकि उनके साथ पारी का आगाज करने के लिए डिकॉक या रिकल्टन में से कोई एक होगा।