मिडिल ईस्ट में जंग के बीच उत्तर कोरिया ने दागीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें, जापान-साउथ कोरिया में अलर्ट

 मिडिल ईस्ट में जंग के बीच उत्तर कोरिया ने दागीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें, जापान-साउथ कोरिया में अलर्ट



उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया-अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान समुद्र में 10 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जापान ने तत्काल आपातकालीन चेताव ...और पढ़ें





HIGHLIGHTS

उत्तर कोरिया ने 10 से अधिक मिसाइलें दागीं।


दक्षिण कोरिया-अमेरिका के सैन्य अभ्यास के दौरान।


जापान ने अपने तट पर आपातकालीन चेतावनी जारी की।


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण कोरिया की सेना ने जानकारी दी है कि शनिवार को उत्तर कोरिया ने समुद्र में 10 से ज्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। यह हमला तब हुआ जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया की सेनाएं सैन्य अभ्यास कर रही थीं।


दक्षिण कोरिया के 'ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' ने एक बयान में बताया कि ये मिसाइलें राजधानी प्योंगयांग के पास के एक इलाके से दोपहर करीब 1:20 बजे (0430 GMT) देश के पूर्वी तट से सटे समुद्र की ओर दागी गईं।

जापान के कोस्ट गार्ड ने भी उत्तर कोरिया की तरफ से मिसाइल अटैक होने की बात कंफर्म की है। कोस्ट गार्ड ने कहा कि उसने एक ऐसी चीज का पता लगाया है जो शायद एक बैलिस्टिक मिसाइल थी और समुद्र में गिर गई।


जापानी सेना के हवाले से पब्लिक ब्रॉडकास्टर NHK ने बताया कि ऐसा लगता है कि यह मिसाइल जापान के 'एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन' (विशेष आर्थिक क्षेत्र) के बाहर गिरी है।





जापान में इमरजेंसी अलर्ट

उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद पूर्वी एशिया में तनाव बढ़ गया। प्योंगयांग की सैन्य गतिविधियों के बाद जापानी सरकार ने एक आपातकालीन चेतावनी जारी की है।

जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर जनता को बिगड़ती स्थिति के बारे में सचेत करते हुए कहा, 'आपातकालीन चेतावनी, उत्तर कोरिया ने एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है। आगे की जानकारी जल्द ही दी जाएगी।'


इस चेतावनी के जारी होते ही जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए ताकि मिसाइल के रास्ते पर नजर रखी जा सके।


दक्षिण कोरिया में 28,500 अमेरिकी सैनिक

उत्तर कोरिया दो दशकों से भी ज्यादा समय से परमाणु हथियार ले जाने वाले साधनों को विकसित करने की कोशिश में कई तरह की बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों का परीक्षण करता रहा है। ऐसा माना जाता है कि उसने ऐसे हथियार सफलतापूर्वक बना भी लिए हैं।


दक्षिण कोरिया और अमेरका की सेनाओं ने इस हफ्ते दक्षिण कोरिया में अपने सालाना बड़े सैन्य अभ्यास शुरू किए। दक्षिण कोरिया में अमेरिकी सेना के करीब 28,500 सैनिक और लड़ाकू विमानों के कई स्क्वाड्रन तैनात हैं। उत्तर कोरिया अक्सर इस तरह के अभ्यासों पर अपना गुस्सा जाहिर करता रहा है।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »