T20 World Cup 2026 में बढ़ी चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट, जिम्बाब्वे और आयरलैंड के प्रमुख प्लेयर्स टूर्नामेंट से हुए बाहर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट बढ़ती जा रही है। जिम्बाब्वे के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर व आयरलैंड के कप्तान पॉल ...और पढ़ें

ब्रेंडन टेलर और पॉल स्टर्लिंग टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर
ब्रेंडन टेलर और पॉल स्टर्लिंग टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर
बेन करन और सैम टॉपिंग ने दोनों खिलाड़ियों की जगह ली
जिम्बाब्वे और आयरलैंड दोनों टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप बी में हैं
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट बढ़ गई है। ग्रुप बी की दो टीमें जिम्बाब्वे और आयरलैंड को करारे झटके लगे हैं। जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर और आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग मौजूदा टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
जिम्बाब्वे ने ब्रेंडन टेलर के रिप्लेसमेंट के रूप में बेन करन को शामिल किया जबकि आयरलैंड ने पॉल स्टर्लिंग की जगह सैम टॉपिंग को जगह दी। टेलर को ओमान जबकि स्टर्लिंग को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के दौरान चोट लगी थी।
सिकंदर रजा ने किया खुलासा
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में टॉस के दौरान पुष्टि की थी कि 40 साल के टेलर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। टेलर को ओमान के खिलाफ मुकाबले में चलते समय जूझते हुए देखा गया था। वो रिटायर्ड हर्ट हुए थे। हालांकि, टेलर को चोट क्या लगी है, इसका खुलासा नहीं हुआ है। बेन करन को जिम्बाब्वे ने शामिल किया।
कैसे चोटिल हुए स्टर्लिंग
वहीं, आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हुए थे। स्टर्लिंग ने पारी की पहली गेंद पर सिंगल लेने की कोशिश की, लेकिन तभी उनके बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया और वो जूझते हुए किसी तरह क्रीज के अंदर पहुंचे। फिर स्टर्लिंग रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए।
दोनों टीमों का हाल
जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। सिकंदर रजा के नेतृत्व वाली जिम्बाब्वे ने ओमान को 8 विकेट से मात दी। वह प्वाइंट्स टेबल में ग्रुप बी में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बाद तीसरे स्थान पर काबिज है। वहीं, आयरलैंड की शुरुआत खराब रही और उसे अपने दोनों मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा। आयरलैंड को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया से क्रमश: 20 और 67 रन की शिकस्त सहनी पड़ी।