इजरायल को पश्चिम एशिया में अपनी सीमाओं का विस्तार करने का अधिकार', बोले अमेरिकी राजदूत
अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने कहा कि इजरायल को पश्चिम एशिया में अपनी सीमाओं का विस्तार करने का अधिकार है, जिस पर पाकिस्तान सहित 14 देशों ने कड़ी निंदा ...और पढ़ें

अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी। (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राजदूत माइक हकाबी ने कहा कि इजरायल को पश्चिम एशिया के महत्वपूर्ण हिस्सों में अपनी सीमाओं का विस्तार करने का अधिकार है। पाकिस्तान सहित 14 देशों ने इसकी निंदा की है।
दरअसल, फॉक्स न्यूज के पूर्व होस्ट टकर कार्लसन ने इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी का साक्षात्कार लिया। यह चर्चा इजरायल की भौगोलिक सीमाओं और ऐतिहासिक क्षेत्रीय दावों पर केंद्रित थी।
हकाबी ने क्या कहा?
कार्लसन ने उन्हें बताया कि बाइबिल की आयत में इराक में यूफ्रेट्स नदी और मिस्त्र में नील नदी के बीच स्थित इजरायल के क्षेत्र का उल्लेख है। इस पर हकाबी ने कहा, ''अगर इजरायल इस पर पूरी तरह से अधिकार कर ले तो यह अच्छी बात होगी।'' हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने कहा कि इजरायल अपने वर्तमान क्षेत्र का विस्तार नहीं करना चाहता और इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्र को अपने वर्तमान अधिकार क्षेत्र में सुरक्षा का अधिकार है।
इस टिप्पणी पर अरब लीग के महासचिव अहमद अबुल-घेत ने कहा कि हकाबी की टिप्पणियां अतार्किक और तर्कहीन होने के कारण कूटनीति के मूलभूत सिद्धांतों और स्थापित मानदंडों के विपरीत हैं। ये केवल भावनाओं को भड़काने और धार्मिक एवं राष्ट्रीय भावनाओं को उत्तेजित करने का काम करती हैं। वह भी उस समय जब देश गाजा युद्धविराम को लागू करने के तरीकों की तलाश कर रहे हैं।
इन देशों ने किया विरोध
एक संयुक्त बयान में कतर, मिस्त्र, जार्डन, संयुक्त अरब अमीरात, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, तुर्किये, सऊदी अरब, कुवैत, ओमान, बहरीन, लेबनान, सीरिया और फलस्तीन के विदेश मंत्रालयों ने इसे खतरनाक और भड़काऊ बताया।