इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद टेंशन में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर, सेमीफाइनल के लिए श्रीलंका से जताई उम्मीद
न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी। हार के बाद अब कीवी टीम के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदें पाकिस्तान-श्रीलंका मैच पर टिकी हैं। न्य ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर का मानना है कि अगर इंग्लैंड के खिलाफ जीत मिलती तो सेमीफाइनल की राह आसान होती। उनका मानना है कि टीम ने बल्ले और गेंद के साथ अच्छा खेल दिखाया है। हालांकि, कुछ सुधार कर सकते थे जिसकी वजह से सेमीफाइनल का रास्ता हमारे लिए आसान हो जाता है। इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
मैच में हार के साथ ही अब न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल में जगह अनिश्चित है। पाकिस्तान अगर श्रीलंका को 64 रनों से हरा देता है या फिर श्रीलंका के दिए गए टारगेट को 13.1 ओवरों में हासिल कर लेता है, तो वे सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेंगे। कीवी टीम की सेमीफाइनल की उम्मीदें अब पूरी तरह से श्रीलंका पर टिकी हुई हैं। अगर श्रीलंका इस मैच में जीत हासिल करता है या पाकिस्तान को करीबी जीत मिलती है, तो न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेगा।
मिचेल सैंटनर का बयान
पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में बात करते हुए सैंटनर ने कहा, "हमारे पास अच्छा मौका था। अगर हम इस मुकाबले को जीत लेते , तो हमारा सफर आसान हो जाता। हमने मैच में अच्छा खेल दिखाया। बल्ले और गेंद के साथ कुछ ऐसे मौके थे, जिसको लेकर विचार कर सकते थे और मैच का रुख बदल सकते थे। अगर आज हम जीत जाते, तो चीजें आसान होंती लेकिन देखते हैं कि आगे क्या होता है।"
सैंटनर ने आगे कहा, "इंग्लैंड ने जिस तरह से शुरूआत को भुनाया और जीत हासिल की, वो अच्छा था। हमने मैच में लगातार विकेट गंवाए। आखिरी के 4 ओवरों में हम अधिक स्कोर नहीं बना सके। हमने अच्छी शुरूआत की थी और टाइम आउट तक अच्छी स्थिति में थे। हालांकि, टाइम आउट के बाद हम अच्छा खेल नहीं दिखा सके। अगर 170-175 के बीच का स्कोर बनता, तो ये हमारे लिए अच्छा होता।"
इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच का हाल
कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए थे। ग्लेन फिलिप्स ने सबसे अधिक 39 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद, विल जैक्स और रेहान अहमद ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। 160 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने इसे 19.3 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। विल जैक्स ने 18 गेंदों पर नाबाद 32 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।