पाकिस्तान के लिए करो या मरो का मैच, अंतिम ग्रुप मैच में नामीबिया से आज होगी टक्कर
पाकिस्तान का टी-20 विश्व कप में अभियान नाजुक मोड़ पर पहुंच गया है और इससे नामीबिया के विरुद्ध बुधवार को होने वाला मैच उसके लिए करो या मरो जैसा बन गया ...और पढ़ें

पाकिस्तान को हर हाल में चाहिए जीत।
पिछले मैच में भारत से हारा पाकिस्तान
सभी ग्रुप की टॉप-2 टीमें आगे जाएंगी
ग्रुप ए से भारतीय टीम सुपर-8 में
कोलंबो, पीटीआई। भारत से मिली करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान का टी-20 विश्व कप में अभियान नाजुक मोड़ पर पहुंच गया है और इससे नामीबिया के विरुद्ध बुधवार को होने वाला मैच उसके लिए करो या मरो जैसा बन गया है। एक समय पाकिस्तान सुपर आठ में जगह बनाने की अच्छी स्थिति में दिख रहा था लेकिन भारत से हार ने उसे बुरी तरह से झकझोर दिया है जिसके कारण उसे ग्रुप ए के अपने आखिरी मैच में करो या मरो की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
विश्व कप में प्रत्येक ग्रुप से केवल शीर्ष दो टीमें ही सुपर आठ में पहुंचेंगी। पाकिस्तान वर्तमान में भारत और अमेरिका के बाद तालिका में तीसरे स्थान पर है। भारत ने तीन मैचों में तीन जीत के साथ सुपर आठ के लिए क्वालीफाई कर लिया है जबकि अमेरिका चार अंक और बेहतर रन रेट के कारण दूसरे स्थान पर है।
नामीबिया से हार कागजों पर असंभव लगती है लेकिन पाकिस्तान की अस्थिर बल्लेबाजी को देखते हुए इसे पूरी तरह से नकारा भी नहीं जा सकता है। इस मैच में हार से पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा और अमेरिका सुपर आठ में जगह बनाने की अच्छी स्थिति में पहुंच जाएगा।
यूएई के विरुद्ध 'अभ्यास' करने उतरेगा दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका टी-20 विश्व कप के ग्रुप डी के अपने अंतिम और महत्तवहीन जैसे मुकाबले में बुधवार को यहां जब संघर्ष कर रहे यूएई के विरुद्ध उतरेगा तो उसकी निगाहें युवा विस्फोटक बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस की फार्म पर टिकी होंगी। दक्षिण अफ्रीका तीन जीत के साथ पहले ही सुपर आठ में जगह बना चुका है।
इसमें अफगानिस्तान के विरुद्ध दो सुपर ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत और न्यूजीलैंड पर सात विकेट की प्रभावशाली विजय शामिल है। दक्षिण अफ्रीका के लिए यह मैच अभ्यास जैसा होगा और टीम अरुण जेटली स्टेडियम की सपाट पिच का पूरा फायदा उठाने के लिए पहले बल्लेबाजी करना चाहेगी।
शीर्ष क्रम में क्विंटन डिकॉक, एडेन मार्करैम और रयान रिकल्टन तीन मैचों में कम से कम एक-एक अर्धशतक जड़ चुके हैं, लेकिन ब्रेविस अभी तक अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। यूएई के पास ज्यादा तेज रफ्तार वाले गेंदबाज नहीं हैं और कोटला की बल्लेबाजों के अनुकूल पिच ब्रेविस को अहमदाबाद में भारत के खिलाफ होने वाले सुपर आठ मुकाबले से पहले लय हासिल करने का अवसर दे सकती है।