भारत के सामने जीतने से पाकिस्तान का 'बॉयकॉट', मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम छोड़कर भागे मोहसिन नकवी

 भारत के सामने जीतने से पाकिस्तान का 'बॉयकॉट', मैच खत्म होने से पहले ही स्टेडियम छोड़कर भागे मोहसिन नकवी




IND vs PAK: कोलंबो में भारत ने पाकिस्तान को विश्व कप मुकाबले में हराकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टी ...और पढ़ें






IND vs PAK: भारत से हार के डर से स्टेडियम छोड़कर भागे Mohsin Naqvi


IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से दी मात


भारत ने पाकिस्तान को हराकर सुपर-8 में बनाई जगह


पाकिस्तान की टीम 114 रन पर ही ऑलआउट हो गई


अभिषेक त्रिपाठी, नई दिल्लीl सिडनी, बेंगलुरु, मैनचेस्टर, सेंचुरियन, डरबन, जोहान्सबर्ग, मोहाली, ढाका, एडिलेड, कोलकाता, मैनचेस्टर, मेलबर्न, अहमदाबाद और न्यूयॉर्क के बाद कोलंबो में भी पाकिस्तानी टीम ने भारत के सामने जीत का ‘बॉयकॉट’ कर दिया। ये वे शहर हैं जहां भारतीय टीम ने पाकिस्तान को विश्व कप मुकाबलों में हराया है।


बांग्लादेश के समर्थन में टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच के बॉयकॉट के नाटक के बाद यहां खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम कायदे से प्रतिद्वंद्विता भी पेश नहीं कर पाई। 176 रनों के लक्ष्य के सामने पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में सिर्फ 114 रनों पर ऑलआउट हो गई।
Mohsin Naqvi मैच खत्म होने से पहले स्टेडियम छोड़कर भागे

एशिया कप में भारत के चैंपियन बनने के बाद ट्रॉफी लेकर भागने वाले पाकिस्तानी गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi Ind vs Pak) के अलावा उनके दर्शक अपनी टीम की हार तय होने के बाद ही प्रेमदासा स्टेडियम से निकल गए। वहीं, आईसीसी अध्यक्ष जय शाह, बीसीसीआई पदाधिकारियों और भारतीय दर्शकों ने कोलंबो में जमकर जीत का जश्न मनाया।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी बेदम

इस पिच पर 176 रन हासिल करना आसान काम नहीं था। भारत के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने शुरुआती चार ओवर में 25 रन पर ही तीन विकेट चटकाकर पाकिस्तान को बैकफुट पर ढकेल दिया। पाकिस्तान की तरफ से पहला ओवर स्पिनर व कप्तान सलमान आगा ने किया था जबकि भारत की ओर से स्पिनर के तौर पांचवें ओवर में अक्षर पटेल गेंदबाजी करने उतरे।


पांचवां ओवर खत्म होने तक पाकिस्तान के शीर्ष चार बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा और बाबर आजम पवेलियन जा चुके थे। भारतीय बल्लेबाजी के बीच के ओवर अगर छोड़ दें तो बाकी कहीं भी पाकिस्तानी टीम जीतती हुई नजर नहीं आई। 73 रन पर उसके पांच विकेट गिर गए थे जिसके बाद उसका जीतना नामुमकिन था। किसी तरह उनके बल्लेबाज घिसटते हुए मैच को 18वें ओवर तक ले गए।


भारत की तरफ से हार्दिक, बुमराह, अक्षर और वरुण ने दो-दो विकेट लिए। पाकिस्तानी बल्लेबाजों की हालत यह रही कि पार्ट टाइम स्पिनर तिलक वर्मा ने भी आते ही अपनी पहली गेंद पर शादाब खान का विकेट लिया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह खिलाए गए कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने भी एक विकेट लिया।

कमाल के ईशान

कभी तेज गेंदबाजी के लिए पहचानी जाने वाली पाकिस्तानी टीम ने ट्रिकी पिच पर छह स्पिनरों का इस्तेमाल करके भारतीय बल्लेबाजों को रोके रखा। अकेले ईशान किशन (77) ने उनका ढंग से सामना करते हुए करियर का चौथा अर्धशतक ठोका। पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।


उनके अलावा पांच स्पिनरों सैम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान, मोहम्मद नवाज और उस्मान तारिक ने अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या को हिलने नहीं दिया। हालांकि इशान ने स्वीप, रिवर्स स्वीप का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए तीन छक्के और 10 चौके से भारत को अभिषेक शर्मा के झटके से उबारा।


पाकिस्तान की तरफ से सिर्फ दो ओवर तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने किए। बाकी 18 ओवर स्पिनरों ने फेंके। पाकिस्तानी कप्तान आगा ने शानदार मूव लेते हुए तेज गेंदबाज अफरीदी की जगह खुद पहला ओवर फेंका।

उनकी स्पिन ट्रिक कामयाब रही। बीमारी के बाद सैमसन की जगह वापसी कर रहे अभिषेक पहले ही ओवर में कैच आउट हो गए। हालांकि अगले ही ओवर में इशान ने शाहीन का स्वागत छक्के से किया। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन दिए। पावरप्ले के छह में से पांच ओवर स्पिनरों ने फेंके। भारत ने छह ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 52 रन बनाए जिसमें 42 रन किशन के थे।


यह भारत-पाकिस्तान मैच (India vs Pakistan) में पावरप्ले में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे अधिक रन हैं। इससे पहले पिछले साल दुबई में एशिया कप में शुभमन गिल ने पावरप्ले में 35 रन बनाए थे। इशान ने सातवें ओवर में 27 गेंद पर चौथा अर्धशतक पूरा किया। ऐसी पिच जहां गेंद ग्रिप कर रही थी और रुक कर आ रही थी वहां पर इशान की इस पारी को काफी समय तक याद रखा जाएगा।

तारिक उस्मान का चौके से किया स्वागत

रुककर साइड आर्म गेंदबाजी करने वाले उस्मान तारिक 11वें ओवर में आए और उनके सामने थे वही सूर्य कुमार यादव जो एक दिन पहले अभ्यास सत्र में अभिषेक और ईशान को उनके एक्शन में गेंदबाजी का अभ्यास करा रहे थे। सूर्य ने इंतजार किया और मिडविकेट के गैप में चौका मारा। इशान जब आउट हुए थे तब भारत ने 8.4 ओवर में 88 रन बनाए थे। इसके बाद सूर्य और तिलक ने अगली 34 गेंदों पर सिर्फ 48 रन जोड़े।


15वें ओवर में सैम अयूब की गेंद पर तिलक के पगबाधा होने से भारतीय दर्शक खुश हुए क्योंकि उन्होंने 24 गेंद पर सिर्फ 25 रन बनाए थे। हालांकि अगली ही गेंद पर हार्दिक के कैच आउट होने के बाद भारतीय टीम को करारा झटका लगा। इसके बाद शिवम और सूर्य ने स्कोर को 170 के पार पहुंचाया।


पिछले मैच में चौथी बार अभिषेक शून्य पर आउट हुए। वह विश्व कप के अपने दो शुरुआती मैचों में शून्य पर आउट होने वाले पूर्णकालिक सदस्य देश के तीसरे बल्लेबाज हैं। इमरूल कायस और आशीष नेहरा भी ऐसा कर चुके हैं। कायस और नेहरा ने विश्व कप में एक भी रन नहीं बनाया है।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »