बोकारो में हाथियों का तांडव जारी, दो दिन में दादा-पोते और पति-पत्नी समेत पांच की मौत से मातम
Bokaro Elephant Attack: झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में हाथियों के हमले में दादा-पोते की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। गांगपुर गांव ...और पढ़ें

ललपनिया (बोकारो)। Jharkhand elephant attack: झारखंड में हाथियों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथी लगातार हमले कर रहे हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है।
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में हाथियों ने एक बार फिर से हमले किए हैं। इस हमले में दो लोगों की माैत हो गई है। इसके साथ ही गोमिया प्रखंड में दो दिन में हाथी हमले में मृतकों की संख्या पांच हो गई है।
गंगापुर गांव में दो की मौत, तीन घायल
गोमिया प्रखंड के महुआटांड़ पंचायत अंतर्गत गांगपुर गांव में हाथियों के हमले से गांव में कोहराम मच गया। हाथियों के तांडव में दादा-पोते की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय सोमर साव और उनके 8 वर्षीय पोते अमन कुमार (आयुष) के रूप में की गई है। वहीं, इस घटना में 10 वर्षीय राहुल कुमार (सोमर साव का नाती) तथा शांति देवी ( सोमर साव की समधन) गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा 10 वर्षीय राशि कुमारी भी इस घटना में घायल हुई हैं।
घर में घुसकर हाथी झुंड ने मचाया उत्पाद
ग्रामीणों के अनुसार, तीन हाथियों का झुंड गुरुवार की रात 8:30 बजे गांव में घुस आया और घर में तोड़फोड़ करते हुए जमकर उत्पात मचाया। इसी दौरान हाथियों ने घर में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि एक व्यक्ति अब भी लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि हाथी उसे अपने साथ ले गए हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बिजली नहीं थी और अंधेरा होने का फायदा उठाकर हाथियों ने घर के दरवाजे व दीवारें तोड़ दीं। सभी लोग घर के अंदर ही थे, तभी हाथी घर में घुस आए और हमला कर दिया।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
गोमिया प्रखंड के बड़की पन्नू गांव में हाथियों के हमले में पति-पत्नी सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की कुचलकर मार डाला। यह दर्दनाक घटना बुधवार देर रात करीब तीन बजे की है, जब पांच सदस्यीय हाथियों का झुंड गांव में घुस आया और एक घर के आंगन तक पहुंच गया।
गोमिया प्रखंड में ही एक दिन पहले बड़ी पन्नू गांव में हाथियों के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी। हमले के बाद जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग रहे गंगवा करमाली को हाथियों ने सूंड में लपेटकर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पति की चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी कमली देवी बाहर आईं, लेकिन हाथियों ने उन्हें भी कुचल दिया। इस तरह पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दौरान गंगवा करमाली की भाभी भगिया देवी ने भी बचने का प्रयास किया, लेकिन एक हाथी ने उन्हें भी कुचल दिया, जिससे उनकी भी मौत हो गई।