'आरोपी ब्वॉयफ्रेंड नहीं रूममेट था, पैसों के लिए मारा'; निकिता गोदिशाला मर्डर केस में पिता का खुलासा
अमेरिका के मैरीलैंड में भारतीय मूल की निकिता गोडिशाला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने पूर्व रूममेट अर्जुन शर्मा को हत्या का आरोपी बताया है, जिस ...और पढ़ें

अर्जुन ने हत्या से कुछ दिन पहले निकिता से 4500 डॉलर (करीब 4 लाख रुपये) उधार लिए थे। (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में नया साल शुरू होने से ठीक पहले एक दिल दहला देने वाली वारदात ने सबको सदमे में डाल दिया। मैरीलैंड के कोलंबिया में रहने वाली 27 साल की भारतीय मूल की युवती निकिता गोडिशाला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का मानना है कि यह काम उसके पूर्व रूममेट अर्जुन शर्मा ने किया है और वह हत्या के बाद निकिता को लापता बताकर खुद भारत भाग आया।
निकिता के शव को 3 जनवरी को अर्जुन के अपार्टमेंट से बरामद किया गया। शव पर चाकू के कई घाव थे। अर्जुन ने 2 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि निकिता लापता है, लेकिन उसी दिन उसने भारत के लिए फ्लाइट पकड़ ली।
हैदराबाद में निकिता के पिता आनंद गोडिशाला ने मीडिया से बात करते हुए साफ कहा कि अर्जुन निकिता का पूर्व प्रेमी नहीं था। वह उसका पूर्व रूममेट था। चार लोग एक साथ अपार्टमेंट में रहते थे। आनंद ने बताया कि अर्जुन ने निकिता से काफी पैसे उधार लिए थे। जब निकिता ने भारत जाने से पहले पैसे वापस मांगे तो अर्जुन ने उसे मार डाला और भाग गया। पिता ने कहा, "यह प्रेम संबंध की बात नहीं है। वह बहुत सारे लोगों से कर्ज लेता था और निकिता से भी काफी पैसे लिए थे।"
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की कि निकिता का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए।
कितनी थी कर्ज की रकम?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अर्जुन ने हत्या से कुछ दिन पहले निकिता से 4500 डॉलर (करीब 4 लाख रुपये) उधार लिए थे। उसने 3500 डॉलर लौटाए, लेकिन फिर 1000 डॉलर और मांगे, लेकिन निकिता ने देने से इनकार कर दिया। निकिता की चचेरी बहन सरस्वती गोडिशाला ने अमेरिका में भारतीय दूतावास से इस बारे में शिकायत भी की है।
निकिता ने 31 दिसंबर की रात पिता को फोन करके नया साल मुबारक कहा था। उसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हुआ। पिता ने बताया कि निकिता को पता चला था कि अर्जुन कई लोगों से कर्ज लेकर भारत भागने की तैयारी कर रहा था।
निकिता कौन थीं?
निकिता गोडिशाला हैदराबाद की रहने वाली थीं। चार साल पहले वह अमेरिका गईं और वहां डेटा एनालिस्ट का काम कर रही थीं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड से हेल्थ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया था। वह एक प्राइवेट कंपनी में डेटा और स्ट्रैटजी एनालिस्ट के तौर पर काम कर रही थीं।
अमेरिकी पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ फर्स्ट और सेकंड डिग्री मर्डर का वारंट जारी किया है। जांच में पता चला कि हत्या सुनियोजित थी। पुलिस का कहना है कि अभी मोटिव की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन वे अर्जुन को पकड़ने के लिए अमेरिकी फेडरल एजेंसियों के साथ काम कर रहे हैं।
अर्जुन शर्मा की गिरफ्तारी?
ताजा खबरों के अनुसार, अर्जुन शर्मा को तमिलनाडु में गिरफ्तार कर लिया गया है। इंटरपोल की मदद से चली अंतरराष्ट्रीय तलाश के बाद उसे पकड़ा गया। अब उसे अमेरिका प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। निकिता का परिवार न्याय की उम्मीद कर रहा है और कड़ी सजा की मांग कर रहा है।
भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह परिवार के संपर्क में है और हर संभव मदद दे रहा है। यह घटना विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए एक बड़ा झटका है। निकिता की मौत ने सबको यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि सुरक्षा कितनी जरूरी है।