61 दिन बाद घर लौटेगा ओरमांझी से गायब कन्हैया, पुलिस ने चंदवारा में किया बरामद
रांची पुलिस की सूचना पर कोडरमा की चंदवारा पुलिस ने 61 दिन से लापता 11 वर्षीय कन्हैया कुमार को सकुशल बरामद किया है। कन्हैया 22 नवंबर 2025 को रांची के ओ ...और पढ़ें
-1768809180709.webp)
61 दिनों से लापता 11 वर्षीय बच्चे कन्हैया कुमार को सकुशल बरामद।
61 दिन से लापता कन्हैया कुमार सकुशल बरामद।
रांची के ओरमांझी से गायब हुआ था बच्चा।
कोडरमा के चंदवारा थाना क्षेत्र से मिला।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। रांची पुलिस की सूचना पर कोडरमा जिले की चंदवारा पुलिस ने 61 दिनों से लापता 11 वर्षीय बच्चे कन्हैया कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है। उसे चंदवारा थाना अंतर्गत उरवा क्षेत्र से बच्चे की बरामदगी पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
कन्हैया 22 नवंबर 2025 की शाम रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र से लापता हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश के लिए रांची पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था।
एसआईटी द्वारा कन्हैया की तस्वीर राज्य के सभी थानों में भेजी गई थी और देश के सात राज्यों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में सोमवार को चंदवारा थाना पुलिस को थाना क्षेत्र के उरवां गांव से एक गुमशुदा बच्चे की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार मौके पर पहुंचे और बच्चे को सकुशल बरामद किया। बरामद बच्चे की तस्वीर जिला पुलिस कप्तान अनुदीप सिंह को भेजी गई, जिसके बाद एसपी ने तस्वीर रांची के एसएसपी राकेश रंजन को अग्रसारित की।
सत्यापन में स्पष्ट हुआ कि बरामद बच्चा वही कन्हैया कुमार है, जो 22 नवंबर से लापता था। पुष्टि के बाद रांची पुलिस कन्हैया को लेने के लिए कोडरमा के लिए रवाना हो गई है। फिलहाल बच्चे को चंदवारा थाने में सुरक्षित रखा गया है।
मां को चाट खिलाकर निकला, फिर नहीं लौटा
बताया जाता है कि ओरमांझी निवासी कन्हैया कुमार 22 नवंबर की शाम ब्लॉक चौक के समीप एसएस प्लस-टू उच्च विद्यालय में दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने गया था। खेल के बाद वह ममता मार्केट पहुंचा, जहां उसकी मां फुचका बेचती हैं।
वहां उसने खुद चाट बनाकर अपनी मां को खिलाया और थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर चला गया, लेकिन फिर वापस नहीं आया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर कोई सुराग नहीं मिला था।
बच्चा चोर गिरोह की सक्रियता के बीच राहत की खबर
गौरतलब है कि इन दिनों राज्य में बच्चा चोर गिरोह की सक्रियता बढ़ी है। हाल ही में रांची के धुर्वा से लापता दो बच्चों को रामगढ़ से बरामद किया गया था।
वहीं, रविवार को रांची पुलिस ने बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। ऐसे माहौल में कन्हैया की सकुशल बरामदगी ने न सिर्फ स्वजनों को राहत दी है, बल्कि पुलिस की सतर्कता पर भरोसा भी मजबूत किया।
भटकते-भटकते कोडरमा पहुंचा कन्हैया, अपहरण की गुत्थी सुलझी
22 नवंबर को रांची जिले के ओरमांझी से लापता 11 वर्षीय कन्हैया कुमार के अपहरण को लेकर दर्ज मामले में नया मोड़ सामने आया है। कन्हैया ने कोडरमा पुलिस को बताया कि वह घर से भटकते हुए हाजीपुर स्थित ननिहाल चला गया था। वहां से वापस लौटने के दौरान बस चालक ने उसे चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखड़ी के पास उतार दिया।
इसके बाद वह इधर-उधर भटकने लगा। इसी दौरान मछली विक्रेता राजा साहनी की नजर बच्चे पर पड़ी। अंजान और डरा-सहमा देख राजा साहनी ने कई दिनों तक उसे अपने घर में आश्रय दिया। साथ ही बच्चे की पहचान के लिए स्थानीय पुलिस और वॉट्सएप ग्रुप में भी सूचना साझा की।
बताया गया कि कन्हैया चंदवारा-जामुखड़ी स्थित मछली दुकान के पास पहुंचा था, जहां पूछताछ के दौरान वह कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहा था। इधर, रांची में लापता बच्चों और बच्चा चोर गिरोह की तलाश में गठित एसआईटी से मिले इनपुट के आधार पर कोडरमा पुलिस ने कन्हैया की पहचान की और उसे बरामद कर ओरमांझी पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी रतीभान सिंह ने बताया कि बरामद बच्चे को ओरमांझी पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की जांच अब ओरमांझी पुलिस द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि कन्हैया के अपहरण को लेकर 11 दिसंबर को ओरमांझी थाने में मामला दर्ज कराया गया था।