मणिपुर में एक्शन मोड में सुरक्षा बल, प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े आठ उग्रवादियों को किया गिरफ्तार

मणिपुर में एक्शन मोड में सुरक्षा बल, प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े आठ उग्रवादियों को किया गिरफ्तार



मणिपुर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े आठ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। थौबल और इंफाल में हुई इन गिरफ्तारियों में कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी और यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट के सदस्य शामिल हैं। उनके पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है। यूएनएलएफ (पी) ने शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, फिर भी उनके सदस्य अवैध गतिविधियों में शामिल पाए गए।





हथियार और गोला-बारूद बरामद

 मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े आठ उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। सभी गिरफ्तारियां रविवार को की गईं हैं।

प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (तैयबंगनबा) के तीन सक्रिय कार्यकर्ताओं को थौबल जिले के खोंगजोम बाजार से गिरफ्तार किया गया, जबकि संगठन के एक अन्य सदस्य को इंफाल पूर्व के पुरीरोम्बा से गिरफ्तार किया गया।
केसीपी के दो सदस्य को भी किया गिरफ्तार

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पी) के दो सदस्यों को भी थौबल जिले के चोंगथम कोना इलाके से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम के वाहेंगबाम लेइकाई इलाके से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया।


अधिकारी ने बताया कि उनके पास से राइफल, ग्रेनेड, कारतूस और पिस्तौल सहित हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया। यूएनएलएफ (पी) ने 2023 में केंद्र के साथ एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।

हालांकि, पुलिस ने बताया कि संगठन के सदस्यों को जबरन वसूली और अवैध हथियारों की तस्करी में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया जाना जारी है।

Share this

Related Posts

Previous
Next Post »